मलयालम भाषा के प्रसिद्ध कवि प्रभा वर्मा को वर्ष 2023 के लिए सरस्वती सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान काव्य संग्रह रूद्र सात्विकम और 2013 से 2022 के दौरान साहित्य में योगदान के लिए दिया जाएगा। इसके तहत प्रशस्ति पत्र, मां सरस्वती का प्रतीक चिन्ह और 15 लाख रूपये दिए जाते हैं। रूद्र सात्विकम प्रभा वर्मा का काव्य संग्रह है जो 2022 में प्रकाशित हुआ था। काव्यात्मक शैली में लिखे इस उपन्यास में सत्ता और राजनीति, व्यक्ति और राज्य, कला और सत्ता के बीच संघर्ष को अनूठे ढंग से प्रस्तुत किया गया है। केके बिड़ला फाउंडेशन, जो एक साहित्यिक और सांस्कृतिक संगठन है, ने साहित्य के क्षेत्र में तीन पुरस्कारों की स्थापना की है, जिनमें सरस्वती सम्मान, व्यास सम्मान (हिंदी के लिए), और बिहारी पुरस्कार (राजस्थान के हिंदी और राजस्थानी लेखकों के लिए) शामिल हैं।