व्योममित्र, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की महिला रोबोट अंतरिक्ष यात्री है. इसका अनावरण 22 जनवरी, 2020 को किया गया था. व्योममित्र, संस्कृत के दो शब्दों 'व्योम' और 'मित्र' से मिलकर बना है.
'व्योम' का मतलब है आकाश और 'मित्र' का मतलब है दोस्त. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि इसरो के "गगनयान" मिशन से पहले महिला रोबोट अंतरिक्ष यात्री "व्योममित्र" अंतरिक्ष में उड़ान भरेगी।गगनयान भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में ले जाने वाली भारत की पहली मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान होगी। श्री सिंह ने कहा कि मानवरहित "व्योममित्र" मिशन इस साल की तीसरी तिमाही के लिए निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि मानवयुक्त मिशन "गगनयान" 2025 में प्रक्षेपित किया जाएगा। डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि "व्योममित्र" मॉड्यूल की निगरानी करना, अलर्ट जारी करना और लाइफ सपोर्ट ऑपरेशन निष्पादन करने की तकनीकि लैस है। उन्होंने बताया कि "व्योममित्र" अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष वातावरण में मानव कार्यों का अनुकरण करने और जीवन रक्षा प्रणाली को समझने के लिए तैयार किया गया। गगनयान परियोजना का उद्देश्य अंतरिक्ष यात्रियों के एक दल को 400 किलोमीटर की कक्षा में भेजना और फिर उन्हें सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाना है।